• Mon. Sep 14th, 2026

    बदलापुर में 4500 घरों में नहीं लगे बिजली मीटर, अनुमान से बन रहा बिल

    बदलापुर में 4500 घरों में नहीं लगे बिजली मीटर, अनुमान से बन रहा बिल
    Share

    जौनपुर। बदलापुर बिजली सब-डिवीजन क्षेत्र में करीब 22 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 4500 घरों में अब तक बिजली के मीटर नहीं लगे हैं। मीटर नहीं होने के कारण इन घरों में कितनी बिजली खपत हुई, इसका सही रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं पहुंच पा रहा है। इसका असर बिजली बिल बनाने की प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है।

    मीटर नहीं होने के कारण कई उपभोक्ताओं को अनुमान के आधार पर बिजली का बिल भेजा जा रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को यह जानकारी नहीं हो पाती कि उनके घर में वास्तव में कितनी बिजली खर्च हुई। बिल कम या ज्यादा आने पर उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

    मीटर लगने के बाद पुरानी अनुमानित बिलिंग और वास्तविक मीटर रीडिंग में अंतर सामने आने की आशंका रहती है। ऐसे में लंबे समय की खपत का अंतर एक साथ जुड़ने पर उपभोक्ताओं पर अधिक रकम जमा करने का भार पड़ सकता है। इससे बिल संबंधी शिकायतें और विवाद बढ़ सकते हैं।

    बिजली विभाग ने अब बिना मीटर वाले कनेक्शनों पर मीटर लगाने का काम तेज कर दिया है। सहायक अभियंता एसके सिंह ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां अभी तक मीटर नहीं लगे हैं, वहां मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से विभागीय टीम का सहयोग करने की अपील की है।

    मीटर लगने के बाद प्रत्येक कनेक्शन की वास्तविक बिजली खपत दर्ज हो सकेगी और उसी के आधार पर बिल तैयार किया जाएगा। इससे अनुमानित बिलिंग की समस्या कम होने के साथ ही उपभोक्ताओं को भी अपनी वास्तविक बिजली खपत की जानकारी मिल सकेगी।

    मीटर लगवाने के लिए सुपरवाइजर से करें संपर्क

    विभाग ने बिना मीटर वाले उपभोक्ताओं से जल्द मीटर लगवाने की अपील की है। इसके लिए मीटर सुपरवाइजर कमल कुमार से मोबाइल नंबर 7835873597 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग का कहना है कि मीटर लगने से बिजली की सही खपत दर्ज होगी और बिल से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *