• Sun. Sep 13th, 2026

    शहीद उमानाथ सिंह की 32वीं पुण्यतिथि 13 को, टीडी कॉलेज में होगा भव्य आयोजन

    शहीद उमानाथ सिंह की 32वीं पुण्यतिथि 13 को, टीडी कॉलेज में होगा भव्य आयोजन
    Share

    जौनपुर। क्षेत्र के महरुपुर गांव निवासी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शहीद उमानाथ सिंह की 32वीं पुण्यतिथि रविवार 13 सितंबर को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (टीडी कॉलेज) के बलरामपुर हाल में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीकरण राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व गृह राज्य मंत्री (महाराष्ट्र) कृपा शंकर सिंह करेंगे।

    शहीद उमानाथ सिंह का जीवन त्याग, परोपकार, सादगी, शालीनता, विनम्रता और धैर्य का प्रतीक रहा। वे आजीवन सत्य के मार्ग पर चलने में विश्वास रखते थे। उनका मानना था कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, अंततः सत्य की ही विजय होती है। गरीबों, जरूरतमंदों और वंचितों के प्रति उनका विशेष लगाव था। आम जनता के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले रहते थे, जिसके कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था।

    उनका राजनीतिक जीवन भी मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित रहा। सभी दलों के नेताओं से उनके मधुर संबंध थे। सहज, सरल एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के कारण वे राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक जीवन में भी सर्वमान्य थे।

    शहीद उमानाथ सिंह के छोटे भाई स्वर्गीय अशोक सिंह, जो टीडी कॉलेज के पूर्व प्रबंधक रहे, ने भी उनके आदर्शों को आगे बढ़ाया। उन्होंने अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया।

    आज भी शहीद उमानाथ सिंह के परिवार के सदस्य उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनके पुत्र एवं पूर्व सांसद कृष्ण प्रताप सिंह ‘केपी’ तथा भतीजे राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्रबंधक टीडी कॉलेज, देवेंद्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह और धर्मेंद्र प्रताप सिंह विभिन्न सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

    पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहीद उमानाथ सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *