जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बुधवार को वाजिदपुर दक्षिणी में वाजिदपुर तिराहे के पास सेंट थॉमस कोचिंग के सामने आशा दीप इलेक्ट्रॉनिक्स से अवधेश श्रीवास्तव के मकान तक बनी इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि डूडा विभाग द्वारा करीब छह से आठ माह पूर्व इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निर्माण कराया गया था। अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन से जुड़े कार्य के दौरान कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग सड़क और नाली को खोद दिया गया, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन का कार्य डूडा विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना किया गया।
सड़क और नाली क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में डूडा विभाग की ओर से अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग सड़क की शीघ्र मरम्मत कराकर मार्ग को पूर्व की स्थिति में बहाल कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था या एजेंसी द्वारा सड़क, नाली अथवा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्ति को क्षतिग्रस्त किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


