• Wed. Aug 26th, 2026

    दो दिन बाद था जन्मदिन, राखी से पहले मातम में बदलीं खुशियां

    Share

    भोजन के बाद पानी लेने गया छात्र सर्पदंश का शिकार, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

    बरसठी | स्थानीय थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में मंगलवार की देर शाम सर्पदंश से कक्षा चार के 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भोजन करने के बाद पानी लेने गए मासूम के पैर की अंगुली में सांप ने डंस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए लेकर दौड़े, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उक्त गांव निवासी राजकुमार पटेल खेती-बाड़ी करते हैं। उनका 13 वर्षीय पुत्र अंश पटेल मंगलवार शाम करीब सात बजे खाना खाने के बाद पानी लेने उस कमरे में गया था, जिसका फर्श निर्माणाधीन था। वहां रखी बाल्टी के पास सांप बैठा था। अंश के पैर की अंगुली में सांप के डंसने की जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे लेकर जौनपुर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही अंश ने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे को बचाने की उम्मीद में परिजन रात में उसे झाड़-फूंक कराने के लिए गाजीपुर भी ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों के मुताबिक, कमरे के निर्माणाधीन फर्श पर मेढ़क दिखाई दिया था। आशंका है कि मेढ़क का पीछा करते हुए सांप वहां पहुंचा और बाल्टी के पास बैठ गया था। बुधवार सुबह सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। टीम ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन सांप का पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर नहीं पहुंची।

    जन्मदिन और रक्षाबंधन का इंतजार रह गया अधूरा : अंश की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। 28 अगस्त को अंश का जन्मदिन था और इसी दिन रक्षाबंधन भी है। बहन खुशी भाई के जन्मदिन के साथ रक्षाबंधन मनाने की तैयारी कर रही थी। उसे क्या पता था कि दो दिन पहले ही भाई हमेशा के लिए उससे दूर चला जाएगा। जिस भाई की कलाई पर खुशी राखी बांधने वाली थी, अब उसी भाई की याद में घर में चीख-पुकार मची है। अंश माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से मां सुषमा पटेल बेसुध हैं, जबकि बहन खुशी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। जन्मदिन और रक्षाबंधन की खुशियां मनाने से पहले ही घर में मातम पसर गया।घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *