जौनपुर/शाहगंज। बड़ा गांव में ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में बिजली के खंभों से करंट उतरने की आशंका को देखते हुए अनोखी पहल की है। आगामी दो दिवसीय ऐतिहासिक जुलूस अमारी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव के करीब सौ बिजली के खंभों को प्लास्टिक से कवर किया गया है।
गांव निवासी समीम हैदर ने बताया कि कुछ दिन पहले करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने संभावित हादसों को रोकने के लिए आपसी सहयोग से बिजली के खंभों को प्लास्टिक से ढकने का निर्णय लिया। इस कार्य का पूरा खर्च ग्रामीणों ने स्वयं उठाया।
फैजान अहमद के अनुसार, 20 और 21 अगस्त को होने वाले जुलूस अमारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनका आरोप है कि विद्युत विभाग को शिकायत के बावजूद सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं सैकड़ों खंभों को प्लास्टिक से कवर किया।
जफर खान ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बारिश के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।


