• Mon. Aug 10th, 2026
    Share

    जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत फरीदाबाद स्थित प्रसिद्ध श्री गौरीशंकर धाम में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बोल बम और जय श्री गौरीशंकर के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज के गांवों से महिला, पुरुष और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालु भगवान गौरीशंकर के अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। भक्त अपने साथ बेलपत्र, दूध, दही, अक्षत, भांग, धतूरा, पुष्प सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर आए। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने जल और दूध से अभिषेक कर बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित किए तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी सुजानगंज अमित कुमार पाण्डेय और मेला प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद राय के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहे। पुलिस ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। मंदिर समिति के सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि मेला और दर्शन-पूजन को लेकर मंदिर प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    Udghatan TR

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *