जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित काशीराम आवास, सिद्धिकपुर में लंबे समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। आवास परिसर में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है, जिससे बदबू फैल रही है और लोगों को अस्वच्छ वातावरण में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा दो सफाईकर्मियों की तैनाती की गई थी, लेकिन शुरुआती दिनों के बाद वे महीनों से ड्यूटी पर नहीं आए। इसके कारण नियमित सफाई नहीं हो रही है और स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
निवासियों ने बताया कि चुनाव के दौरान कई नेताओं ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद किसी ने भी उनकी सुध नहीं ली। लोगों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि 27 जुलाई को राज्यपाल के आगमन से पहले मुख्य मार्गों की सफाई कराई गई, जबकि आवास के अंदर आज भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने शीघ्र सफाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।


