जौनपुर। सावन मास के प्रथम सोमवार पर उमरछा स्थित प्रसिद्ध मृत्युञ्जय महादेव धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सई नदी से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी “बोल बम” के उद्घोष के साथ महादेव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक कार्यक्रमों के तहत सरोज उपाध्याय के नेतृत्व में महिलाओं ने शिव कीर्तन प्रस्तुत किया, जबकि विद्वान पंडितों ने महामृत्युंजय मंत्र का सस्वर पाठ किया। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में कैलाश नाथ शुक्ल, हीरामणी उपाध्याय, त्रिलोकी नाथ शुक्ल, अशोक शुक्ल, राम सागर शुक्ल, अरविन्द शुक्ल और संतोष शुक्ल “ढोलन” ने शिव भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, डॉ. मनीष मिश्र, अभिषेक उपाध्याय और रमेश निषाद सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सपत्नीक भगवान आशुतोष का रुद्राभिषेक किया। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों का समापन शाम सात बजे महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


