मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक विधवा महिला ने पड़ोसियों पर उसकी विवादित भूमि पर जबरन शौचालय बनवाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता फूलकुमारी के अनुसार उनके और पड़ोसी राजकुमार के मकान के बीच करीब आठ फीट भूमि खाली है, जहां दोनों घरों का पानी निकासी के लिए नाली बनी हुई है। आरोप है कि विपक्षी बीते एक वर्ष में चार बार उक्त भूमि पर शौचालय बनाने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से निर्माण कार्य रुक जाता था।
महिला ने बताया कि 21 जुलाई को वह एक रिश्तेदार के यहां तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। 23 जुलाई को वापस लौटने पर देखा कि विवादित भूमि पर शौचालय का निर्माण कर टीनशेड भी लगा दिया गया है। जब वह इसका विरोध करने और शिकायत करने विपक्षियों के घर पहुंचीं तो आरोपितों ने एकजुट होकर उनकी पिटाई कर दी तथा ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मामले की जांच राजस्व विभाग की टीम के साथ की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

