मड़ियाहूं, जौनपुर। नगर के खैरूद्दीनगंज स्थित टीचर कॉलोनी में समाजसेवी विनय सिंह ‘झगड़ू’ के आवास पर सोमवार को अग्रिम हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद ‘मखड़ू’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। समाजसेवी विनय सिंह ने चिकित्सकों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
शिविर में करीब 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अविनाश चंद्र सिंह समेत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। न्यूरो, हृदय रोग, सामान्य चिकित्सा, बाल रोग, गैस्ट्रो और हड्डी रोग विभाग में निःशुल्क परामर्श व जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
समाजसेवी विनय सिंह ‘झगड़ू’ ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना शिविर का उद्देश्य है। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. रुझुन अग्रवाल, डॉ. मृणाल जायसवाल, डॉ. शारूख सैफ, डॉ. विकास कुमार मौर्य, डॉ. निलेश आनंद, डॉ. शुभम जायसवाल और डॉ. अरुण बीआर समेत चिकित्सक मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों और शिविर में पहुंचे लोगों का आभार जताया।


