मड़ियाहूं (जौनपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रामपुर नदी गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के सौरभ कुमार ने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम उनके पट्टीदार जमीन पर रखी नाद हटाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
दूसरे पक्ष की प्रेमा देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक पक्ष से सात और दूसरे पक्ष से आठ लोगों सहित कुल 15 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

