दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
मछलीशहर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसील गेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। अधिवक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना निंदनीय है। संविधान में दिए गए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस मौके पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री आलोक कुमार विश्वकर्मा, भरतलाल यादव, सरजू प्रसाद बिंद, बाबूराम, बेचन राम, इंदु प्रकाश सिंह, जय प्रकाश दुबे, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, विकास यादव, वीरेंद्र कुमार मौर्य सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।


