जौनपुर। शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पीएम श्री विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में केडीएस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एवं आईड्रीम एजुकेशन का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जनपद के सात पीएम श्री विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। आईड्रीम एजुकेशन के विशेषज्ञों ने शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन, स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल शिक्षण संसाधनों के उपयोग और तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विषयवार वीडियो, डिजिटल अध्ययन सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ाने के साथ उनके सीखने के स्तर में भी सुधार किया जा सकता है।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी और प्रतिभागी शिक्षक उपस्थित रहे।


