जौनपुर। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण के लिए टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेगा, जिसमें करीब छह लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
राज्यमंत्री ने पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएमडी अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जिससे पशुओं में बुखार, चारा छोड़ना, दूध उत्पादन में कमी, मुंह-खुर में छाले और लंगड़ापन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। 21 विकासखंडों के 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीमें 1,740 ग्राम पंचायतों में टीकाकरण करेंगी।


