जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को नगर क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय का निर्माण कराने तथा जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के रात्रि विश्राम के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आगामी शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर निकायों में पर्याप्त रैन बसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे निराश्रितों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भी सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने सरकारी भवनों की दीवारों पर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जागरूकता संबंधी आकर्षक पेंटिंग कराने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सिटी फॉरेस्ट विकसित करने तथा अधिकाधिक पौधरोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निकायों में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली स्थापित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


