• Sat. Jul 18th, 2026

    सम्पूर्ण समाधान दिवस में 180 शिकायतें, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

    Share

    जौनपुर, 18 जुलाई। तहसील मड़ियाहूँ सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

    सम्पूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागों से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    सुनवाई के दौरान विकास खंड बरसठी के ग्राम चतुर्भुजपुर निवासी जगरनाथ ने पथरगड्डी (मेड़बंदी) कराए जाने की मांग रखी। वहीं ग्राम जैयरामपुर, गोपालापुर निवासी राजमन ने राजस्व निरीक्षक स्तर से पथरगड्डी न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को प्रकरण सौंपते हुए थाना प्रभारी मड़ियाहूँ के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    इसी प्रकार ग्राम सुरेरी, परगना गोपालापुर निवासी मकरन्द कुमार ने अपनी भूमि की पैमाइश कराए जाने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को तत्काल मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि भूमि विवाद और राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच करें तथा विवादित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं। उन्होंने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने पर भी जोर दिया।

    पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की अलग से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

    सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

    Trim trim ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *