जौनपुर। अपना दल (एस) की जयसिंहपुर जोन की मासिक समीक्षा बैठक बुधवार को मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुनीता वर्मा ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला महासचिव राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक गांव में जन चौपाल आयोजित कर नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का ध्वज लगाने और उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है। बैठक में जोन अध्यक्ष बचाऊ पटेल, प्रमोद पटेल, शिवम्, रंजीत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन विस्तार और 2027 के चुनाव को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।


