जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया थाना पुलिस ने गुरुवार को दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष निखिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बनपुरवा पोखरा के पास से अजय पटेल निवासी शेखूपुर और पीयूष मिश्रा निवासी सहजनी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान अजय पटेल के पास से एक देशी .32 बोर रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि पीयूष मिश्रा के कब्जे से एक देशी .315 बोर तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना नेवढ़िया में मुकदमा संख्या 183/2026, धारा 3/25(1)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक बब्बन यादव, हेड कांस्टेबल अभय सिंह, कांस्टेबल चंचल यादव और आरक्षी आलोक सिंह की टीम ने अंजाम दिया।


