जौनपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) जौनपुर को यात्रियों के खोए हुए मोबाइल बरामद करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम और सर्विलांस सेल की मदद से कुल 88 अदद गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख रुपये आंकी गई है। बुधवार को विभिन्न जिलों और राज्यों से आए करीब 55 मूल मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
यह सफलता पुलिस महानिदेशक (रेलवे) लखनऊ प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे जोन) प्रयागराज एन कोलांची, पुलिस अधीक्षक (रेलवे अनुभाग) प्रयागराज प्रशान्त वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक (रेलवे) वाराणसी श्री कुँवर प्रभात सिंह के दिशा-निर्देशों के क्रम में मिली है। थाना प्रभारी जीआरपी जौनपुर सुनील कुमार गोंड के कुशल नेतृत्व में पुलिस और सर्विलांस टीम ने रेल गाड़ियों में यात्रा के दौरान गुम हुए मोबाइलों को खोजने के लिए विशेष प्रयास किया।
स्वामियों ने जताया पुलिस का आभार
जीआरपी थाने में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब यात्रियों को उनके खोए हुए फोन वापस मिले, तो उन्होंने पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और धन्यवाद प्रकट किया। थाना प्रभारी सुनील कुमार गोंड ने बताया कि विभिन्न तिथियों में दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर इन मोबाइलों को ट्रेस किया गया था। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि अन्य बचे हुए गुमशुदा मोबाइलों को भी जल्द से जल्द बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपा जाएगा।
बरामदगी करने वाली प्रमुख टीम
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सुनील कुमार गोंड, उपनिरीक्षक (उ०नि०) हरिकेश (प्रभारी चौकी शाहगंज), उ०नि० शिवपूजन यादव (चौकी प्रभारी जफराबाद), उ०नि० बृजेश कुमार (प्रभारी क्यूआरटी टीम), उ०नि० राधा मोहन द्विवेदी (प्रभारी सर्विलांस सेल, प्रयागराज), हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल रामप्रवेश कुमार और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल मनीष कश्यप शामिल रहे।

