• Wed. Jul 8th, 2026
    Share

    अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे विद्यालय

    जौनपुर। जौनपुर जिले में मौसम के सामान्य होने के मद्देनजर कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों की समय सारणी में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर द्वारा जारी आधिकारिक कार्यालय आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश और उत्तर प्रदेश शासन के ‘टाइम एण्ड मोशन स्टडी’ के नियमों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। यह नया आदेश बुधवार, 8 जुलाई 2026 से जनपद के सभी परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, मदरसा तथा अन्य सभी बोर्डों द्वारा संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।

    नए आदेश के मुताबिक, अब विद्यालयों में शैक्षणिक कार्यों की समय अवधि सुबह 08:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा व योगाभ्यास सुबह 08:00 बजे से 08:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जबकि छात्रों के लिए मध्यावकाश (लंच टाइम) अपराह्न 10:30 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम के मिजाज को देखते हुए छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए समय में यह आंशिक संशोधन किया गया है।

    इसी आदेश में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्धारित शिक्षण अवधि से कम से कम 15 मिनट पूर्व विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। इसके साथ ही, शिक्षण कार्य समाप्त होने के पश्चात भी उन्हें न्यूनतम 30 मिनट तक विद्यालय में रुककर आवश्यक विभागीय व प्रबंधकीय कार्य निपटाने होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को चेतावनी दी है कि इस आदेश का अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *