अंबेडकरनगर। वर्ष 2014 में शाहगंज के बहुचर्चित डबल मर्डर और डकैती कांड का मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ विक्की छैमार मंगलवार सुबह यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ अंबेडकरनगर जिले के भीवाना थाना क्षेत्र में हुई। घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। यूपी पुलिस की ओर से मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे बताया गया कि आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, लूट और डकैती समेत 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। आसिफ वर्ष 2014 में शाहगंज के नई आबादी क्षेत्र में दवा व्यापारी धीरज सिंह के घर हुई डकैती और दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस वारदात में व्यापारी की पत्नी और बेटी की हत्या कर लाखों रुपये की नकदी व जेवर लूट लिए गए थे।

