• Tue. Jun 30th, 2026

    शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं, हर बीईओ रोज़ पांच विद्यालयों का करें निरीक्षण: डीएम

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

    जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को प्रतिदिन कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाए। साथ ही मध्यान्ह भोजन के साथ बच्चों को मौसमी फल उपलब्ध कराने और ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की संख्या कम करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

    उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल नहीं है, उनकी सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने बीईओ और एआरपी से संवाद कर विद्यालय भ्रमण और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के प्रयासों की जानकारी ली तथा शिक्षकों से बच्चों के प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

    जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को नैतिक शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई की आदतें विकसित कराई जाएं। प्रार्थना सभा में बीईओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पढ़ाई के समय किसी भी प्रकार की बैठक न करने के निर्देश भी दिए।

    उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, स्क्रीन टाइम, गुड टच-बैड टच, फायर सेफ्टी, सड़क सुरक्षा, अजनबियों से सावधानी और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

    स्वास्थ्य संबंधी समीक्षा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को छह माह के भीतर सभी परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की नेत्र जांच कराने, कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराने, शत-प्रतिशत पोलियो टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा कुपोषण या टीबी के लक्षण मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

    जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कराने, जर्जर भवनों में कक्षाएं न चलाने, जलभराव रोकने, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन समय से देने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का भुगतान सेवानिवृत्ति के दिन ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *