जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर गोमती की ओर से सत्र 2025-26 के समापन अवसर पर नगर के एक प्रतिष्ठित होटल में अवार्ड नाइट सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. अर्पण धर दुबे एवं विशिष्ट अतिथि वंदना दुबे ने मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
क्लब अध्यक्ष डॉ. राजेश मौर्या ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए पूरे सत्र में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, रीजन चेयरपर्सन प्रतिमा गुप्ता तथा जोन चेयरपर्सन धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब के एमजेएफ (मेल्विन जोन्स फेलो) सदस्यों डॉ. जी.सी. सिंह, सुलोचना सिंह, दीपक चिटकारिया, मनीष गुप्ता, संजीव गुप्ता, जागेश्वर केसरवानी एवं सुधा मौर्या सहित पूर्व अध्यक्षों को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष डॉ. राजेश मौर्या एवं प्रथम महिला डॉ. रश्मि मौर्या ने सभी सदस्यों को पूरे सत्र में उत्कृष्ट सहयोग के लिए प्रेसीडेंशियल अवॉर्ड प्रदान किया। वहीं कोषाध्यक्ष नूपुर सिंह ने समय पर क्लब की देय राशि जमा करने वाले सदस्यों को गुड पे मास्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अर्पण धर दुबे ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह संगठन में आपसी जुड़ाव और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने लायंस क्लब जौनपुर गोमती के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब ने पूरे मंडल में अपनी अलग पहचान बनाई है। विशिष्ट अतिथि वंदना दुबे ने भी क्लब की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए अध्यक्ष एवं उनकी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन चीफ डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता ने किया, जबकि सचिव खुशबू गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में क्लब के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

