जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती मंगलवार को जनपद में व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित भव्य समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह के राष्ट्र निर्माण में योगदान और व्यापारियों की देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। राज्य कर विभाग के उपायुक्त अक्षय लाल ने अतिथियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया, जबकि विभिन्न व्यापार मंडलों की ओर से मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद के आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न श्रेणियों के आठ बड़े करदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी सुरक्षा और व्यापार को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने भी व्यापारियों के योगदान की सराहना करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग के कलाकार राहुल पाठक ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया। संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त सुरेन्द्र कुमार कैथल, रजनेश कुमार, सर्वेश चन्द्र श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त अतुल कुमार, राहुल राय, रामनिवास पाण्डेय सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन, अनिल सिंह, श्याम सिंह, राधेरमण जायसवाल, श्रवण कुमार जायसवाल, विनीत सेठ, सोहनलाल स्वर्णकार, नन्हेलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अंत में सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र और समाज के विकास में व्यापारियों की सहभागिता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।


