आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर प्रांत का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद रविवार को बरदह क्षेत्र के जीवली स्थित निजी आवास पर विनोद राय का भव्य स्वागत किया गया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों का तांता लगा रहा। लोगों ने फूल-मालाएं, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर उन्हें बधाई दी तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विनोद राय ने कहा कि संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। वह घर-घर जाकर कार्यकर्ताओं और नए लोगों को संगठन से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय महामंत्री और उपाध्यक्ष के रूप में मिले अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व डीसीएफ अध्यक्ष चंदेश्र राय सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान किया।

