मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने रविवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे पचवल मिश्रान बस्ती संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ सड़क की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया और कार्य को शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. पटेल ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग करने पर विशेष जोर दिया, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएंगे। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

