जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने बारात में हुए विवाद के दौरान युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को बनरहिया बाग के पास से धर्मचन्द्र उर्फ बच्चे (22) निवासी ग्राम आरा को गिरफ्तार किया। गौरा बादशाहपुर पुलिस ने रविवार की दोपहर करीब 2 बजे बताया कि बारात में पहले पानी पीने और बाद में डांसर को अपनी-अपनी पसंद के गाने पर नचाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सौरभ राजभर पर लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बीएचयू वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस पूछताछ में धर्मचन्द्र ने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके विरुद्ध दर्ज हत्या के मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया।
बारात में पानी और डांसर के गाने को लेकर हुए विवाद में हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

