जौनपुर। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस) उत्तर प्रदेश के द्विवार्षिक चुनाव में जौनपुर के जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपर महामंत्री पद पर कब्जा जमाया है। उनकी जीत से जनपद के चिकित्सकों में खुशी की लहर है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
पीएमएस एसोसिएशन के चुनाव 22 जून को संपन्न हुए थे, जबकि 26 जून को लखनऊ स्थित पीएमएस भवन में मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। डॉ. विशाल सिंह यादव को 1326 मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें अपर महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
डॉ. विशाल सिंह यादव वर्तमान में जौनपुर में जिला क्षय रोग अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, कार्यकुशलता और चिकित्सकों के हितों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व करने वाले इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिली है। चिकित्सकों का मानना है कि उनके नेतृत्व से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
उनकी इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य चिकित्सकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए इसे जौनपुर के लिए गौरव का क्षण बताया।
उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में डॉ. यशवीर सिंह अध्यक्ष, डॉ. मोहित कुमार सिंह मुख्य उपाध्यक्ष, डॉ. क्षेत्रपाल यादव उपाध्यक्ष (सामान्य), डॉ. प्रीति सिंह उपाध्यक्ष (महिला), डॉ. शरद वैश्य महामंत्री, डॉ. प्रवीण कुमार वित्त सचिव तथा डॉ. मोहम्मद जमील अनवर संपादक पद पर निर्वाचित हुए हैं। इस अवसर पर डॉ. सुशील अग्रहरि ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल सिंह यादव को बधाई दिया।

