• Thu. Jun 25th, 2026

    नगर निकायों की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, विकास कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में स्थानीय नगर निकायों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

    बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नगर क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जौनपुर के कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

    उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। कार्यों में अनियमितता, लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, वहां कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिन पर कार्य का नाम, स्वीकृत लागत, कार्यदायी संस्था, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि सहित सभी विवरण स्पष्ट रूप से अंकित हों।

    उन्होंने निर्देश दिया कि जो ठेकेदार कार्यों में अनावश्यक विलंब कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

    इसके साथ ही जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में फुटपाथ एवं सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किए जाएं तथा दुकानों के बाहर लगे अवरोधक, होर्डिंग एवं अन्य अतिक्रमण हटाए जाएं।

    उन्होंने नगर क्षेत्रों में लंबे समय से खड़े जर्जर एवं अनुपयोगी वाहनों को चिन्हित कर हटाने के भी निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed