जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी जौनपुर इकाई द्वारा जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बुधवार को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के मुख्य कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति द्वारा डॉ. मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन भारत की अखंडता और संप्रभुता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए ‘एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में धारा 370 का समाप्त होना डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार करने जैसा है।
जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बताया कि ‘बलिदान दिवस’ से लेकर 6 जुलाई तक पार्टी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक बूथ पर पौधरोपण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी मिलने पर कि अशोक चौरसिया को क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है, कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, सुशील उपाध्याय, पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, पंकज मिश्रा, परविंदर चौहान, पुष्पा निषाद, नीरज मौर्य सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

