जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार देर शाम जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड पर निर्माणाधीन चार लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा सिकरारा में बन रहे 100 बेड के अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरओबी निर्माण को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा अस्पताल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जौनपुर सिटी यार्ड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-231 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति को संतोषजनक पाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित लक्ष्य जून 2027 तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सेतु बनने के बाद क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा को उच्चीकृत कर बनाए जा रहे 100 बेड अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की प्रगति धीमी और गुणवत्ता अपेक्षित स्तर की नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा अस्पताल परिसर के बाहर परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था और निर्माण अवधि से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित की परियोजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक जे.पी. गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



