जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह के निर्देश पर प्रभारी कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने जौनपुर और गाजीपुर जनपद के सभी संबद्ध महाविद्यालयों को पत्र जारी कर परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के तहत विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने, जागरूकता अभियान चलाने तथा पर्यावरण अनुकूल वैकल्पिक उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि उच्च शिक्षण संस्थान शिक्षा और शोध के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के भी प्रमुख केंद्र हैं। इस पहल से विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी।

