जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और वर्तमान में लखनऊ स्थित स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) में तैनात राजेश सिंह का मंगलवार देर रात दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे और पूर्व सहयोगियों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि राजेश सिंह लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों द्वारा उनके लीवर प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उपचार के दौरान दिल्ली में मंगलवार रात करीब 12 बजे उनका निधन हो गया।
राजेश सिंह अपने सेवाकाल के दौरान जौनपुर, वाराणसी और आजमगढ़ जनपदों के कई थानों में प्रभारी के रूप में तैनात रहे। जौनपुर जिले में उन्होंने मछलीशहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के रूप में भी कार्य किया था। अपने कार्यकाल में वह अनुशासनप्रिय और सख्त छवि वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।
करीब एक वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का भी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। लगातार दो पारिवारिक आघातों से उनके परिजन गहरे सदमे में हैं। राजेश सिंह के निधन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

