• Sun. Jun 21st, 2026

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सद्भावना क्लब का योग शिविर, स्वस्थ जीवन अपनाने का दिया संदेश

    Share

    जौनपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सद्भावना क्लब, जौनपुर की ओर से शिया कॉलेज परिसर में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने की, जबकि योग गुरु नागेंद्र यादव ने संचालन करते हुए उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्लब सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

    इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग अपनाने की अपील की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सद्भावना क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एम.पी. बरनवाल ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। योग शरीर को स्वस्थ, मन को एकाग्र और जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन न होकर हर व्यक्ति की नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनना चाहिए, तभी स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

    कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष डॉ. अलमदार नज़र, हफीज़ शाह, श्रावण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खान, चंद्रेश मौर्या, सैय्यद काज़िम मूसा हमज़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सद्भावना क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और समाज में योग के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *