जौनपुर। खुटहन क्षेत्र की ग्रामसभा गुलरा में हुए अग्निकांड के बाद विधायक रमेश सिंह ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने राजेश निषाद के घर पहुंचकर आग से हुई क्षति का जायजा लिया और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
विधायक ने अग्निकांड को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे और प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक के दौरे से पीड़ित परिवार को भरोसा और संबल मिला।

