• Fri. Jun 19th, 2026

    तनवा नहर में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी; पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका

    Share

    केराकत, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खर्गसेनपुर गांव के पास स्थित तनवा नहर में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

    मृतक की पहचान खर्गसेनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील शर्मा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, सुनील पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह के कारण मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को उसका शव तनवा नहर में मिलने की सूचना मिली।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

    पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *