• Fri. Jun 19th, 2026

    झाड़ी में मिला किशोर का शव, गांव में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव में शुक्रवार को एक किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार पिपरा गांव निवासी सुरेश यादव का 13 वर्षीय पुत्र आयुष यादव कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। स्कूल की छुट्टियां होने के कारण वह इन दिनों अपने घर आया हुआ था।

    परिजनों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक आयुष घर पर था। इसके बाद वह खेलने के लिए बाहर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर एक झाड़ी में उसका शव पड़ा मिला।

    परिजनों के अनुसार शव पर कुछ स्थानों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

    प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *