• Fri. Jun 19th, 2026

    स्नातक परिणामों में देरी से बीएड काउंसलिंग पर संकट, जौनपुर-गाजीपुर की 20 हजार सीटों पर प्रवेश प्रभावित होने की आशंका

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद अब काउंसलिंग प्रक्रिया पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। प्रदेश के विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम अभी तक घोषित नहीं होने के कारण बीएड प्रवेश की काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा 16 जून को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया था और जुलाई के पहले सप्ताह से काउंसलिंग शुरू करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन स्नातक अंतिम वर्ष के परिणामों में हो रही देरी इस प्रक्रिया में बड़ी बाधा बनती दिख रही है।

    प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अभी जारी है या अंतिम चरण में है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए 15 से 20 जुलाई से पहले अंतिम वर्ष के परिणाम जारी होना संभव नहीं माना जा रहा है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम भी जुलाई के दूसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है।

    पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर जनपद के कुल 194 बीएड महाविद्यालयों में लगभग 20 हजार सीटों पर प्रवेश होना है। इनमें जौनपुर के 64 और गाजीपुर के 130 बीएड कॉलेज शामिल हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी की जानी है, जिसके लिए कॉलेज स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

    निजी महाविद्यालय अपनी संबद्धता संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हुए हैं, ताकि परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। हालांकि, अंतिम वर्ष के परिणाम में हो रही देरी के कारण छात्रों की चिंता बढ़ गई है और काउंसलिंग की संभावित तिथियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

    इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक अंतिम वर्ष के परिणाम 20 जुलाई तक हर हाल में घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परिणाम जारी होने के बाद ही विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र बीएड काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें अब स्नातक परिणामों की घोषणा पर टिकी हुई हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed