• Wed. Jun 17th, 2026

    योग सप्ताह के तीसरे दिन जौनपुर में निकली भव्य जनजागरण यात्रा, ‘करें योग-रहें निरोग’ का दिया संदेश

    Share

    जौनपुर, 17 जून। शासन की मंशानुरूप एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देशन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत आयोजित योग सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। “करें योग-रहें निरोग” के भाव को जन-जन तक पहुंचाने तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोहिया पार्क से भव्य जनजागरण यात्रा एवं प्रभातफेरी निकाली गई।

    कार्यक्रम की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के पूर्वाभ्यास से हुई। पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति तथा मुख्य योग शिक्षक अरविंद कुमार ने योग साधकों को विभिन्न योगिक क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया। साथ ही योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

    इसके उपरांत क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल तथा जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रभातफेरी एवं जनजागरण यात्रा को रवाना किया। बड़ी संख्या में योग साधकों, आयुष विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की।

    जनजागरण यात्रा लोहिया पार्क से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन, लाइन बाजार, जिलाधिकारी कार्यालय, कचहरी रोड, ओलंदगंज और रूहट्टा होते हुए पुनः लोहिया पार्क पहुंची। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया।

    लोहिया पार्क पहुंचने पर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने सभी योग साधकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

    कार्यक्रम में प्रदीप कुमार पांडेय, मनोज कुमार सिंह, शशिभूषण यादव, नंदलाल, निलेश, राजन सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, सोनू यादव, वीरेन्द्र यादव, क्षमा सिंह, अंकित जायसवाल, अर्जुन सिंह, जगदीश यादव एवं त्रयंबकम मिश्रा सहित आयुष विभाग के सभी कर्मचारी, योग शिक्षक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनपद में आयोजित इस जनजागरण यात्रा ने योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed