जौनपुर। एंटी मलेरिया माह जून-2026 के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में मलेरिया एवं डेंगू जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मरीजों का फॉलोअप, स्वास्थ्य शिक्षा, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे तथा मच्छर नियंत्रण संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक कुमार एवं एसएफडब्ल्यू शिव शंकर वर्मा ने नगर क्षेत्र के प्रेमराजपुर मोहल्ले में मलेरिया मरीज शिवम उपाध्याय के घर पहुंचकर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों का सर्वे कर सोर्स रिडक्शन कार्य कराया।
अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेगमगंज में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास पाल के नेतृत्व में आयोजित एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की बैठक में मलेरिया, डेंगू और फाइलेरिया जैसी बीमारियों के कारण, लक्षण, बचाव, जांच और उपचार संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। आशा कार्यकर्ताओं को संभावित मरीजों की पहचान तथा मच्छर प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया।
फाइलेरिया निरीक्षक दीपक सिंह के नेतृत्व में मियांपुर मोहल्ले में जनजागरूकता अभियान चलाकर पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही एंटी लार्वा रसायनों का छिड़काव कर मच्छर प्रजनन स्रोतों को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया और डेंगू मच्छरों से फैलने वाले संक्रामक रोग हैं। ठंड लगने और कंपकंपी के साथ बुखार आना मलेरिया का संकेत हो सकता है, जबकि तेज बुखार के साथ हड्डियों और जोड़ों में दर्द डेंगू या चिकनगुनिया के लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क जांच एवं उपचार कराएं। जनपद के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में डेंगू एवं मलेरिया की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जल जमाव न होने देने, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही डेंगू एवं मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

