जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के समाधगंज नहर शाखा पर हरदुआ गांव के पास सोमवार दोपहर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुदौली गांव निवासी 27 वर्षीय सूरज सरोज मछलीशहर से ट्रैक्टर सर्विस कराकर घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:40 बजे हरदुआ गांव के पास समाधगंज नहर शाखा पर ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर नहर में पलट गया।
हादसे में सूरज ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सूरज सरोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके साथी मुन्ना गौड़ का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिवार में पत्नी सुमन सरोज और चार वर्षीय पुत्र शौर्य हैं।

