जौनपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है। नया समय 16 जून 2026 से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय विद्यालय अब प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
विद्यालयों में पठन-पाठन का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास सुबह 7:30 बजे से 7:40 बजे तक तथा मध्यावकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक रहेगा।
आदेश के अनुसार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य कार्यों का संपादन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित समय-सारिणी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।

