जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव स्थित रेलवे लाइन ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 की सुबह नेशनल हाईवे-731 पर यह दुर्घटना हुई थी। मृतक की पहचान संतोष यादव के रूप में हुई है, जो ट्रेलर संख्या BR 24GC 9276 लेकर सुल्तानपुर से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान कुल्हनामऊ ओवरब्रिज के पास उनका ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर तथा एक ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक के पिता पुनवासी यादव ने बक्शा थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि ओवरब्रिज के पास आगे चल रहे ट्रक संख्या UP 12 T 9592 के चालक ने अचानक और लापरवाहीपूर्वक ब्रेक लगा दिया। इसके चलते संतोष यादव के ट्रेलर की ट्रक से टक्कर हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 317/2026, धारा 281 और 106(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

