• Sun. Jun 14th, 2026

    चोरों के हौसले बुलंद: पुलिस चौकी के पास मंडी की आढ़त में सेंध, हजारों की नकदी गायब

    Share

    पुलिस चौकी के सामने बेखौफ चोर, 9 इंच दीवार तोड़कर दुकान में की बड़ी चोरी

    जौनपुर। कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना में लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित शीतला चौकिया पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर नवीन सब्जी मंडी की एक आढ़त दुकान में शनिवार रात चोरों ने सेंध लगाकर करीब 41 हजार रुपये नकद तथा महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खुलने पर हुई, जिसके बाद क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

    जानकारी के अनुसार नवीन सब्जी मंडी में जैनुल आब्दीन उर्फ जनूं मियां एवं गोपालापुर निवासी मनोज मौर्य की सब्जी आढ़त की दुकान है। दोनों कारोबारी रोज की तरह शनिवार देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए।

    दुकान के पीछे की करीब 9 इंच मोटी दीवार में सेंध लगी हुई थी, जबकि अंदर रखी गोदरेज आलमारी का ताला टूटा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि आलमारी के लॉकर में रखे 41,288 रुपये नकद तथा कुछ जरूरी दस्तावेज गायब थे।

    पीड़ित व्यापारियों के अनुसार चोरों ने पहले दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और फिर आलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के तरीके से अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

    सूचना मिलते ही शीतला चौकिया चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य संभावित साक्ष्य जुटाने में लगी है।

    पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस चोरी की घटना ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंडी के अन्य दुकानदारों में भी घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द खुलासे और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed