जौनपुर। चंदवक क्षेत्र में औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीआरएम से स्वयं स्थल का निरीक्षण करने का अनुरोध किया था। यह मार्ग दशकों से चंदवक, बगेरवा, पूरनपुर, कैथौली और लोकपट्टी सहित कई गांवों की हजारों आबादी के लिए मुख्य आवागमन का साधन रहा है, लेकिन लगभग पांच माह पहले रेल विभाग द्वारा इसे बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेल विभाग ने इस रास्ते पर लोहे का गार्डर लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिसके बाद विरोध और प्रदर्शन भी किया गया था। इससे पहले सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) औड़िहार द्वारा तीन माह पूर्व स्थल का निरीक्षण और नापी-जोखी भी की जा चुकी है। डीआरएम ने इंजीनियरों के साथ दोबारा नापी करवाई और आश्वासन दिया कि अंडरपास निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय मुख्यालय को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा और यदि जमीन की कमी आती है तो ग्रामीण आपसी सहमति से समाधान निकालें।
पूरनपुर गांव में अंडरपास की मांग पर डीआरएम का स्थलीय निरीक्षण

