जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों एवं ओपीडी का भ्रमण किया और मरीजों से उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मरीजों से बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि उन्हें चिकित्सालय से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनका समुचित उपचार भी किया जा रहा है। सीएमओ ने मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर में पेयजल, साफ-सफाई तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए।

