• Fri. Jun 12th, 2026

    गोआश्रय स्थलों में गोवंशों की सुविधाओं पर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

    Share

    जौनपुर, 12 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जनपद के गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निराश्रित गोवंश संरक्षण, उनके भरण-पोषण, सुरक्षा तथा गर्मी से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी गोआश्रय स्थलों पर गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए टीन शेड, ग्रीन नेट, जूट के बोरे, पंखे, वाटर स्प्रिंकलर तथा छायादार व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित रहनी चाहिए।

    बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को नियमित रूप से नहलाया जा रहा है तथा गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कई स्थलों पर स्प्रिंकलर और पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही हरे चारे की व्यवस्था और वृक्षारोपण का कार्य भी कराया जा रहा है।

    सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा दिन-रात निगरानी के लिए केयरटेकर तैनात किए गए हैं। गोवंशों की सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवाल, ट्री गार्ड और गेट की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गोआश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी गोवंशों की इयर टैगिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।

    बैठक के दौरान पशु चिकित्साधिकारी महराजगंज के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।

    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed