जौनपुर, 12 जून 2026। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सघन पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून 2026 (रविवार) को होगा। पहले दिन सभी पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी, जबकि 5 जुलाई को बी-टीम गतिविधि संचालित की जाएगी।
अभियान के लिए जिले में 1,866 पोलियो बूथ, 1,242 घर-घर भ्रमण टीमें, 105 ट्रांजिट टीमें तथा 52 विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। अभियान के तहत 6,06,187 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने और 7,65,825 घरों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों को अभियान में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को अपंजीकृत अस्पतालों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम प्रधानों, विद्यालयों, एनसीसी कैंपों और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने तथा टीबी के लक्षण वाले बच्चों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बदलापुर और बक्सा के एमओआईसी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

