जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के शाह का पंजा, बाबुपुर और नाथुपुर गांवों में पुरानी रंजिश और भू-विवाद को लेकर हुए मारपीट व बवाल के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को बाबुपुर गांव में राजू चौहान और मोहम्मद मुस्लिम के पुत्र अजमल के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह और जमैथा चौकी प्रभारी इशचंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से राजू चौहान, शुभम सिंह चौहान, आदर्श चौहान और शिवम सिंह को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे पक्ष से अजमल, अकरम, मोहम्मद सिराज, इरफान अहमद और मोहम्मद साहिल को हिरासत में लिया गया।
इसी तरह नाथुपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर अरुण यादव, कमला यादव और दयाशंकर यादव के बीच भी मारपीट हो रही थी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

