जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र में मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने मोहन सेठ सुजीत ज्वेलर्स पर छापेमारी की, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम दुकान के संचालक सुजीत सेठ को हिरासत में लेकर अपने साथ चली गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे महाराष्ट्र पुलिस एक हथकड़ी लगे व्यक्ति के साथ ज्वेलरी शॉप पर पहुंची। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और मीडियाकर्मियों को दूर रखा गया। टीम ने दुकान के अंदर करीब डेढ़ घंटे तक गहन जांच-पड़ताल की।
शाम लगभग 5:30 बजे कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस दुकान मालिक सुजीत सेठ को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। हालांकि छापेमारी के दौरान क्या बरामद हुआ और मामला किस प्रकरण से जुड़ा है, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई की जानकारी है, लेकिन विस्तृत विवरण जांच एजेंसी के स्तर से ही साझा किया जाएगा। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

